National World Breaking News

आधा खीरा, जली चूड़ियां और याबा 'ड्रग'... ऐसे खुला बांग्लादेश के हिंदू परिवार की हत्या का राज़

August 24, 2026
आधा खीरा, जली चूड़ियां और याबा 'ड्रग'... ऐसे खुला बांग्लादेश के हिंदू परिवार की हत्या का राज़
बांग्लादेश के रंगपुर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में आधा खीरा, जली हुई चूड़ियां, नशे की सामग्री और घर में मिले सबूतों से हत्या की कड़ियां जुड़ीं।

बांग्लादेश के रंगपुर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की हत्या से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में मृतक गणपति चक्रवर्ती के दो कजिन भाइयों, मुग्धो दास और सिद्धार्थ दास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने हत्या में शामिल होने की बात कबूल की है। हालांकि, मृतक परिवार के कुछ सदस्यों ने घटना के पीछे किसी बड़े गिरोह के शामिल होने की आशंका भी जताई है।

पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार आधी रात से शुक्रवार सुबह के बीच हुई। आरोपी कथित तौर पर पड़ोसी की छत के रास्ते गणपति चक्रवर्ती के घर पहुंचे थे। वहां वे याबा नामक नशीली गोली का सेवन कर रहे थे। आवाज सुनकर गणपति छत पर पहुंचे, जिसके बाद विवाद हुआ और आरोपियों ने कथित तौर पर गमछे से उनका गला घोंट दिया। आवाज सुनकर उनकी पत्नी प्रीतिलता भी छत पर पहुंचीं और उनकी भी हत्या कर दी गई। इसके बाद बेटी आगामी उर्फ प्रार्थि और बेटे प्रियम को भी मार दिया गया।

हत्या के बाद आरोपी मौके से तुरंत फरार नहीं हुए। पुलिस के अनुसार, वे करीब छह से सात घंटे तक घर में रहे। इस दौरान उन्होंने कथित तौर पर नशा किया, खाना खाया, नहाया और सबूत मिटाने की कोशिश की। प्रीतिलता की चूड़ियों को जलाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन चूड़ियां पूरी तरह नहीं जल सकीं। घर से सोने के गहने भी चोरी किए गए, जिन्हें पुलिस ने आरोपियों की बताई जगहों से बरामद किया।

शनिवार को परिवार के रिश्तेदार घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा बंद मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और घर से चारों के शव अलग-अलग जगहों से बरामद हुए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने की कोशिश जारी है