19 साल के भारतीय ग्रैंडमास्टर का जलवा, आखिरी बाजी जीतकर कनिजा ओपन पर किया कब्जा
भारत के युवा शतरंज ग्रैंडमास्टर प्रणेश एम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कनिजा ओपन 2026 के ग्रुप-ए का खिताब अपने नाम कर लिया है। हंगरी के नागीकानिज़ा में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 19 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने आखिरी और नौवें दौर में जर्मनी के वादिम पेट्रोव्स्की को सफेद मोहरों से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की।
प्रणेश ने पूरे टूर्नामेंट में 9 राउंड से 7 अंक हासिल किए। हालांकि उनके साथ तीन अन्य खिलाड़ी भी सात अंकों पर रहे, लेकिन बेहतर टाईब्रेक के आधार पर प्रणेश को पहला स्थान मिला। इजरायल के ओर ब्रोंस्टीन, यूक्रेन के आंद्रेई वोलोकितिन और भारत के कार्तिक वेंकटरमन भी समान सात अंकों के साथ शीर्ष स्थान की दौड़ में थे।
तमिलनाडु के कराईकुडी से आने वाले प्रणेश की मौजूदा रेटिंग 2673 है। अगस्त 2026 की नवीनतम FIDE रैंकिंग में वह दुनिया में 44वें स्थान पर हैं। उनकी इस उपलब्धि पर हंगरी स्थित भारतीय दूतावास ने भी उन्हें बधाई दी और वैश्विक मंच पर भारतीय शतरंज प्रतिभा के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।
प्रणेश की यह जीत भारतीय शतरंज के बढ़ते दबदबे को भी दिखाती है। युवा खिलाड़ियों के लगातार अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने से भारत की शतरंज में मजबूत स्थिति और बेहतर होती जा रही है। कनिजा ओपन में आखिरी बाजी जीतकर खिताब हासिल करना प्रणेश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और उनके करियर को नई ऊंचाई देने वाली जीत मानी जा सकती है।