चीनी के बढ़े दाम पर अखिलेश यादव को OP राजभर के पार्टी का साथ, कही ये बात
उत्तर प्रदेश में चीनी के लगातार बढ़ते दामों का मुद्दा अब सियासी रंग लेता नजर आ रहा है। बीजेपी की सहयोगी पार्टी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। हरदोई पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर ने कहा कि चीनी के बढ़े दामों का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है और लोगों को राहत मिलनी चाहिए।
अरविंद राजभर ने कहा कि गन्ने से चीनी बनने के बाद बाजार में उसका दाम बढ़ जाता है, जबकि चीनी आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरत की चीज है। ऐसे में कीमतों को नियंत्रित करने और जनता को राहत देने की जरूरत है। उन्होंने विपक्ष से भी इस मुद्दे पर सरकार के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
अरविंद राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को चीनी के बढ़े दामों के खिलाफ आंदोलन करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव इस मुद्दे पर आंदोलन करते हैं तो सुभासपा उनके साथ खड़ी होगी। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर साथ खड़ा होना किसी राजनीतिक गठबंधन का संकेत नहीं है। सुभासपा फिलहाल NDA के साथ है और पार्टी ने कहा है कि वह NDA में रहकर अपनी राजनीतिक रणनीति आगे बढ़ाएगी।
पार्टी ने आंदोलन की रणनीति तैयार करने के लिए 1 सितंबर को प्रदेश स्तरीय बैठक बुलाने की बात कही है। इसी बैठक में चीनी की कीमतों के खिलाफ आंदोलन का स्वरूप और आगे की रणनीति तय की जाएगी।
चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर सुभासपा का यह रुख इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पार्टी केंद्र में बीजेपी की सहयोगी है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में सरकार इस बढ़ोतरी को लेकर क्या कदम उठाती है और विपक्ष इस मुद्दे को किस तरह राजनीतिक रूप से उठाता है।